दुर्ग में चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में मारपीट का आरोप, पत्रकारिता की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में काउंसलिंग के दौरान मारपीट, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पद्मनाभपुर पुलिस ने हनु नायक उर्फ हनुमान (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पत्रकारिता का धौंस दिखाकर कर्मचारियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर चौक पर कार के शीशे साफ कर रही करीब 15 वर्षीय बालिका को विभागीय टीम कार्यालय लेकर आई थी। बालिका और उसकी मां की काउंसलिंग के दौरान कथित तौर पर विवाद हुआ, जिसमें आरोपी पर महिला एवं विभागीय कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने का आरोप लगा।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 646/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में सुपेला और नेवई थानों में भी मारपीट से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और धमकी देने जैसी शिकायतों पर साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *