दुर्ग में सूने मकान को बनाया निशाना, 3 आरोपी और 2 नाबालिग पकड़ाए; ₹58,500 नगद समेत सामान बरामद

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा स्थित कचरू नगर में सूने मकान में हुई करीब 1.60 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में तीन वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने चोरी का सामान और ₹58,500 नगद बरामद किया है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने के मामले में अजय धनकर और विनोद देवांगन की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मकान लंबे समय से बंद था। आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया।

मकान मालिक के परिजन को घटना की जानकारी मिलने के बाद 9 अक्टूबर को उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

मामले में राहुल धनकर, दुरपत धनकर और रवि कुमार यादव को पकड़ा गया है। दो अपचारी बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने चोरी के सामान की बरामदगी के साथ उसकी खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *