दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक सुरक्षित कॉरिडोर बनाया गया है। 11 से 19 अक्टूबर तक तीन पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। लाउडस्पीकर के माध्यम से पदयात्रियों को सड़क के बाईं ओर चलने के निर्देश दिए जाएंगे। मार्ग में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्शन
नवरात्रि के दौरान सेक्टर क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। पावर हाउस अंडरब्रिज से मुर्गा चौक और सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा। दुर्ग से आने वाले चारपहिया वाहनों को भी सेक्टर-9 चौक से फॉरेस्ट एवेन्यू एवं गैरेज रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
दुर्ग शहर में रात के समय भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात में पुलिस लाइन एवं गंजपारा की ओर से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को गंज मंडी के पीछे से निकाला जाएगा। वहीं, पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। बस स्टैंड से पुलगांव जाने वाली बसों को भी इसी मार्ग से गुजरना होगा।

पदयात्रियों और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी
यातायात पुलिस ने पदयात्रियों से बैग पर रेडियम स्टीकर लगाने और चमकीले या रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनने की अपील की है। श्रद्धालु सड़क के बिल्कुल किनारे बाईं ओर चलें और हाईवे पर सर्विस लेन का उपयोग करें। सड़क पर या उसके किनारे बैठकर आराम करने से बचें तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही पालन करें।
वाहन चालकों को थकान या नींद की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, नशे में ड्राइविंग नहीं करने, क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और रात में लो-बीम पर वाहन चलाने की सलाह दी गई है। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने और सड़क पर अनधिकृत पार्किंग से भी बचने को कहा गया है।
दुर्ग यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोग करने की अपील की है।
