दुर्ग। इंदर ढाबा में खाना खाने के बाद जब प्रार्थी ने खाने का पैसा मांगा तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। इसी दौरान बीच बचाव करने पहुंचे ढाबा संचालक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इससे दोनों को चोटे आई। शिकायत पर कोतवाली पुलिस आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी हार्दिक खंडेलवाल इंदर ढाबा बायपास रोड बाफना पेट्रोल पंप के पास दुर्ग में कैश काउंटर देखने का काम करता है। 8 सितंबर की आधी रात को शिवान सतपती निवासी हुडको भिलाई एवं उसके साथ अंकुर शर्मा व सागर दहाटे खाना खाने ढाबा आए हुए थे। खाना खाने के बाद उनका कुल बिल 2300 रुपए बना हुआ था। खाना खाने के बाद वह बिना पैसा दिए ही जाने लगे। इस पर प्रार्थी खाने का बिल देकर पैसा मांगा तो आरोपियों ने कहा कि 1000 रुपए ले लो। जब प्रार्थी हार्दिक ने पूरा पैसे की मांग की तो आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ मुक्के एवं लात से मारपीट की। उसी समय ढाबा मालिक इंद्रजीत वहां पहुंचकर बीच बचाव करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली गलौज कर मारपीट की, इससे दोनों को चोटे आई थी।