दुर्ग। शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग के जनरल वार्ड से उपचाररत 31 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजन की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 57/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, कमल कुमार साहू (31) को 4 सितंबर की रात करीब 9 बजे जिला अस्पताल के जनरल वार्ड के कमरा नंबर 62 में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 6 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे वह बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। पुलिस के अनुसार कमल कुमार की कद-काठी करीब 5 फीट 6 इंच, शरीर पतला-दुबला और रंग सांवला है। घटना के समय उसने सफेद फुल शर्ट और बंदन रंग की हाफ पैंट पहन रखी थी। उसके हाथ में ग्लूकोज लगाने वाला टेप भी लगा हुआ था। वह हिंदी और छत्तीसगढ़ी बोलता है तथा सातवीं कक्षा तक पढ़ा है।
परिजन ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा प्रलोभन देकर उसे अपने साथ ले जाया गया हो सकता है। प्रथम दृष्टया मामला धारा 140(3) बीएनएस 2023 के तहत दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस एवं परिजनों ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कमल कुमार साहू के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों को सूचित करें। सूचना देने के लिए परिजनों के मोबाइल नंबर 9589223688 एवं 810394836 पर संपर्क किया जा सकता है।