दुर्ग। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में फरार एक अन्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है। इस मामले में पूर्व में 12 आरोपी गिरफ्तार किया जा चुके हैं। पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल को गिरफ्तार किया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि 22 फरवरी को अशरफ नगर तकिया पारा दुर्ग में क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी। प्रकरण में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है वहीं फरार आरोपी उमेश भगत उर्फ अंकल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि अशरफ नगर तकिया पारा स्थित सोहेल अहमद खान के मकान में भारत एवं दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन रूपए पैसे का दांव लगा कर सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस ने रेड कार्रवाई कर सोहेल अहमद खान एवं संतोष कुमार गोड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। मौके पर से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने में प्रयुक्त एक लैपटॉप, एक एलइडी टीवी, चार मोबाइल फोन, एक डीवीआर, 4 मोबाइल चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, डॉट पेन, कॉपी एवं नगदी रकम 5000 रुपए जब्त किए गए थे। आरोपियों के खिलाफ धारा 4,6,7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। अब तक इस प्रकरण में आरोपियों सोहेब अख्तर, साहिल उर्फ सोनू, विजेंद्र कुमार, मनय बोथरा, राहुल रंगवानी,संदीप कापसे, अमान अली, हुसैन अली, सोविंद यादव एवं जुनैद रजा को गिरफ्तार किया जा चुका है।