दिनदहाड़े युवक पर चाकू से वार कर हत्या का प्रयास

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर स्थित पात्रा तालाब पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर विवाद के बाद युवक के दोनों हाथ, भुजा और पेट में चाकू से करीब पांच-छह वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कुम्हारी ले जाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1),3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि 27 अगस्त को घायल युवक लोकेश साहू उर्फ मनीष साहू की मां धनेश्वरी साहू (36) सब्जी मंडी कुम्हारी में हमाली का काम करने गई थीं। इसी दौरान उनकी बेटी मनीषा साहू ने उन्हें बताया कि उनके भाई लोकेश को पात्रा तालाब मंदिर के पास ढेरू यादव ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलने पर धनेश्वरी अपनी बेटी के साथ अस्पताल पहुंचीं। जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे पात्रा तालाब पंचमुखी हनुमान मंदिर, शांतिनगर कुम्हारी के पास भोजराज साहू एवं अन्य युवक मौजूद थे। इसी दौरान भोला यादव उर्फ ढेरू अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान भोला उर्फ ढेरू ने अपने पास रखे चाकू से जान से मारने की नीयत से लोकेश पर वार कर दिया। इससे लोकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भोजराज साहू उसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल कुम्हारी लेकर पहुंचाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *