दुर्ग। शिक्षक संगठन के लगभग 4 हजार सदस्यों को दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। कोतवाली पुलिस द्वारा साइबर जागृति अभियान के तहत कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित शिक्षकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी। पुलिस ने शिक्षकों को ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग जानकारी एवं अन्य गोपनीय विवरण किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने के संबंध में भी जागरूक किया।

शिक्षक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों को साइबर अपराध के बचाव का पाठ पढ़ाया। 27 अगस्त को शिक्षक संगठनों के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 4000 शिक्षक, शिक्षिका एवं संगठन के सदस्य उपस्थित हुए थे। शिक्षक संगठनों द्वारा टीईटी परीक्षा, वेतन विसंगति, क्रमोन्नति एवं पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों के संबंध में स्थानीय स्तर से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया। इस दौरान पुलिस द्वारा जागृति अभियान के तहत अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस ने शिक्षकों को बताया कि साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी केवल स्वयं तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों,परिवार जनों, ग्रामीण क्षेत्र एवं आसपास के नागरिकों तक पहुंचाएं जिससे अधिक से अधिक लोगों को साइबर ठगी से सुरक्षित किया जा सके।
