दुर्ग के पुलगांव थाना क्षेत्र स्थित सराफा मार्केट में शनिवार शाम एक बंदर विद्युत ट्रांसफार्मर के पोल पर चढ़ गया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल होकर वहीं फंस गया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलगांव थाना प्रभारी (TI) अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शाम करीब 4:30 बजे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।
रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद घायल बंदर धीरे-धीरे पोल से नीचे उतर आया। उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद रात करीब 9:00 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने समय रहते बिजली बंद करवाने और रेस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए पुलगांव थाना प्रभारी और रेस्क्यू टीम की सराहना की। उनके त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया।
