भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के बहुचर्चित करोड़ों रुपये के लोहा चोरी मामले में पुलिस ने एक और अहम गिरफ्तारी की है। पुलिस ने भाजपा वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर वैशाली नगर निवासी भास्कर मुदलियार की भूमिका सामने आई। जांच में पता चला कि उसकी गाड़ियां लंबे समय से बीएसपी परिसर में संचालित हो रही थीं और चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों से उसकी संलिप्तता के प्रमाण मिले हैं। पूछताछ के बाद शनिवार को उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह केवल लोहा चोरी का मामला नहीं बल्कि प्लांट के भीतर और बाहर सक्रिय एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा है, जिसकी परतें लगातार खुल रही हैं।
जांच में पहले ही यह तथ्य सामने आ चुका है कि बीएसपी के तत्कालीन जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर मनोज कुमार देवांगन गिरोह के संपर्क में थे। आरोप है कि उनकी मदद से प्लांट से फ्लू डस्ट में आयरन स्क्रैप मिलाकर बाहर भेजा जाता था, जिसे बाद में अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स में जमा किया जाता था।

गौरतलब है कि 6 मई 2026 को भिलाई-3 पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 250 टन लौह स्क्रैप, कई ट्रक, हाईवा, जेसीबी और हाईड्रा सहित लगभग 3.22 करोड़ रुपये मूल्य का सामान जब्त किया था।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस संगठित गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की हर कड़ी की जांच कर रही है।
