जमीन के सौदे में धोखाधड़ी, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

दुर्ग। भूमि सौदे में धोखाधड़ी कर लाभ कमाने वाले जमीन दलाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने प्रार्थी से भूमि खरीदने के नाम पर 10.01 लाख की राशि प्राप्त कर बाद में उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को अधिक कीमत पर विक्रय कर लाभ कमाया था। भूमि का सीमांकन करने एवं मौके पर स्थित बिजली खंबे को हटवाने का आश्वासन देकर आरोपियों द्वारा प्रार्थी को लगातार झांसा दिया जाता रहा। प्रार्थी विजय सिंह चौहान निवासी शांति नगर थाना वैशाली नगर ने 14 सितंबर को मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान अजय साहू से वर्ष 2024 में हुई थी। स्वयं को जमीन खरीदी बिक्री का कार्य करने वाला बताते हुए लोकेश खुल्लर एवं अमित साहू से परिचय कराया था। आरोपियों द्वारा प्रार्थी को उरला स्थित भूमि दिखाकर कम समय में अधिक लाभ होने का विश्वास दिलाया गया। भूमि लगभग 10,000 वर्ग फीट बताई गई थी जिसे प्रार्थी द्वारा अकेले खरीदने में असमर्थता व्यक्त की। इस पर लोकेश खुल्लर द्वारा आधी भूमि स्वयं खरीदने तथा प्रार्थी के साथ साझेदारी में सौदा करने की बात कही थी। इसके बाद भूमि स्वामियों से मुलाकात कर भूमि का सौदा 1250 रुपए प्रति वर्ग फीट मे तय किया गया।आरोपियों के कहने पर प्रार्थी ने अमित साहू को 51,000 रुपए तथा अन्य भूमि स्वामियों के नाम पर 5,00,000 एवं 4,50,000 रुपए के चेक दिए थे। निर्धारित समय तक भूमि का सीमांकन एवं रजिस्ट्री नहीं कराई गई तथा प्रार्थी को लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में प्रार्थी को जानकारी मिली कि उक्त भूमि अन्य व्यक्ति को विक्रय कर रजिस्ट्री कर दी गई है। राशि वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल की। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी लोकेश खुल्लर उर्फ लकी मैत्री नगर भिलाई की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में पेश किया है।इस मामले में अन्य दो आरोपी फरार है जिनकी तलाश में टीम लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *