दुर्ग। गरीब लोगों के गिरवी रखे सोने के जेवरात बेईमानी पूर्वक हड़पने वाले ज्वेलर्स संचालक को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरवी रखे 44.300 ग्राम सोने के जेवरात वापस नहीं कर वर्षों से टालमटोल कर जेवरात हड़प लिया था। वार्ड पार्षद की लिखित शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध करते हुए पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी ने गिरवी राशि प्राप्त करने के बावजूद सोने के जेवरात एवं राशि वापस नहीं कर विश्वास का दुरुपयोग किया था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई को प्रार्थी भूपेंद्र यादव वार्ड पार्षद ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि दिसंबर 2025 में आर्थिक आवश्यकता होने पर उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात आरोपी अमित सोनी के पास 4,50,000 रुपए के बदले गिरवी रखे थे। जब प्रार्थी गिरवी राशि वापस लेकर अपने जेवरात छुड़ाने गया तब आरोपी द्वारा राशि प्राप्त करने के बावजूद जेवर वापस करने में लगातार टालमटोल किया जाता रहा। आरोपी ने न तो गिरवी रखे सोने के जेवरात वापस किए और न ही रकम वापस की। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जय माता दी ज्वेलर्स सुभाष मार्केट के संचालक अमित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।