पिता का कातिल निकला बेटा! खुद थाने पहुंचकर दी मौत की सूचना, जांच में खुला राज

दुर्ग। बोरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी बेटे द्वारा पिता की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में खास बात यह रही की बेटे ने ही हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाना पहुंचकर पिता की मौत हो जाने की सूचना दी थी। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर बेटे को पूछताछ में लिया। बेटे ने अपना अपराध स्वीकार किया। बोरी पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ धारा 103(1), 238 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस ने बताया कि 17 जून को 19 वर्षीय नीलकमल साहू ने बोरी थाना में पहुंचकर सूचना दी थी कि उसके पिता कुलेश्वर साहू 39 वर्ष का शव घर के अंदर पड़ा हुआ है और शव से दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को घर के पिछले हिस्से के कमरे में कुलेश्वर साहू का शव सड़ी गली अवस्था में मिला था। शव का सिर काला पड़ चुका था और सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। 27 जून को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मौत किसी भारी वस्तु से वार करने के कारण हुई है और हत्या लगभग दो-तीन दिन पूर्व हुई थी। मामला हत्या का होने पर पुलिस ने हर पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच प्रारंभ कर दी थी। सूचना देते समय नीलकमल ने बताया था कि उसके पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ रहते थे और परिवार से अलग रहते थे तथा दो महीने पहले पारिवारिक विवाद के बाद परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारों के घर चले गए थे। मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गहनता से जांच की और उन्हें कई अहम सुराग मिले। इनको यह भी जानकारी मिली कि कुलेश्वर साहू एवं उसके पुत्र नीलकमल साहू के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी। पुलिस में संदेह के आधार पर मृतक के बेटे नीलकमल साहू को पूछताछ में लिया। हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *