दुर्ग। अवैध गांजा बिक्री वाले एक मामले में फरार हुई महिला को खुर्सी पार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी हीरा सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया है तथा फरार महिला आरोपी के विरुद्ध धारा 20 ख, 27 ए एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ के दौरान महिला आरोपी ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करने में अपनी भूमिका होना स्वीकार किया है। पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि 30 अप्रैल को मुखबीर से सूचना मिली थी कि देवार बस्ती खुर्सी पार में कुछ व्यक्ति व एक महिला द्वारा अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा का विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपी हीरा सिंह निवासी कैनाल रोड खुर्सी पार को मौके पर गिरफ्तार किया था, जबकि उसकी सहयोगी महिला आरोपी सविता देवार मौके से फरार हो गई थी। आरोपिया की तलाश में टीम लगी हुई थी। 7 अगस्त को फरार हुई आरोपी श्रीमती सरिता देवार निवासी देवार बस्ती को गिरफ्तार किया गया है।