दुर्ग। मेडिकल शॉप चलाने वाले प्रार्थी को उधारी में दवाई नहीं देना भारी पड़ गया।दो आरोपियों ने प्रार्थी के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट एवं दुकान में तोड़फोड़ की। प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5),324(4),351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी प्रदीप कुमार कुंभलवार दामाद पारार उरला निवासी है और वह डी फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। मां संतोषी मेडिकल शॉप के नाम से उसकी स्टेशन रोड पर दुकान है। 16 जून को विजय स्पोर्ट्स के बाजू में रहने वाली लेडिस उसकी दुकान पर उधारी में दवाई लेने के लिए आई हुई थी। प्रार्थी प्रदीप कुमार ने उधारी में दवा देने से मना कर दिया था। इस बात को लेकर 22 जून की रात को जब वह दुकान में बैठा हुआ था, उसी समय उक्त लेडिस का लड़का यश भार्गव एवं उसका छोटा भाई दोनों दुकान में पहुंचे। आरोपियों ने कहा कि तूने हमारी मां को दवाई क्यों नहीं दिया था यह कहते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने मारपीट की वहीं दुकान में लगे ग्लास एवं सामान को तोड़फोड़ करके नुकसान पहुंचाया।