शिवनाथ नदी में 3 दिन से चल रही थी तलाश, आखिरकार गहरे पानी से मिला युवक का शव

दुर्ग। शिवनाथ नदी के जेवरा सिरसा भटगांव क्षेत्र में डूबे युवक के शव को एसडीआरएफ टीम ने तीसरे दिन सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया है। मृतक मछली पकड़ने के दौरान अचानक गहरे पानी में समा गया था।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे ने बताया कि 20 सितंबर को जेवरा सिरसा भटगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी में एक युवक पवन कुमार ठाकुर 25 वर्ष पिता अनिल कुमार ठाकुर निवासी घासीदास नगर वार्ड 23 जामुल के मछली पकड़ने के दौरान अचानक गहरे पानी में समा जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से जिला सेनानी दुर्ग द्वारा एसडीआरएफ की टीम की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को तत्काल आवश्यक बचाव उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोटर बोट, डीप ड्राइविंग किट, लाइव बॉय, लाइफ जैकेट एवं सर्च हुक की मदद से नदी के गहरे जल क्षेत्र एवं तेज बहाव में खोजबीन प्रारंभ कर दी थी। प्रतिकूल परिस्थितियों और जल स्तर की चुनौतियों के बीच लगातार तीन दिनों तक सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया था। अथक प्रयासों के बाद तीसरे दिन 22 सितंबर की सुबह टीम के कुशल गोताखोरों ने ग्राम डांडेसरा शिवनाथ नदी से युवक के पार्थिव शरीर को पानी से बाहर निकाल लिया। बरामदगी के पश्चात शव को अग्रिम वैधानिक व पंचनामा कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *