वेतन, पेंशन और एरियर्स को लेकर गरजे कर्मचारी, आयुक्त कक्ष में उठीं वर्षों पुरानी मांगें”

दुर्ग, 22 जून 2026। नगर पालिक निगम दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर सोमवार को आयुक्त कक्ष में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त अधिकारी/कर्मचारी कल्याण संघ ने कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी संस्थान की सफलता उसके कर्मचारियों के मनोबल, सुरक्षा एवं सम्मान पर निर्भर करती है। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होने से कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
बैठक में प्रत्येक माह निर्धारित तिथि पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कर्मचारियों के वेतन से कटने वाली जीपीएफ, सीपीएफ एवं परिवार कल्याण निधि की राशि नियमित रूप से संबंधित खातों में जमा कराने तथा लंबित छठवें एवं सातवें वेतनमान के एरियर्स का भुगतान करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
संघ ने बताया कि समय पर वेतन एवं अंशदान राशि जमा नहीं होने से कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षित भविष्य के लिए पुरानी पेंशन योजना की मांग भी कर्मचारियों की प्रमुख अपेक्षाओं में शामिल है।
बैठक के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े सभी विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। निगम प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। संघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन कर्मचारियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर जल्द ठोस निर्णय लेगा।
संघ के जिला अध्यक्ष राजू लाल चन्द्राकर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि कर्मचारी सम्मानपूर्वक कार्य कर सकें और नगरवासियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने और सामूहिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *