दुर्ग में सनसनी: युवक मिला सूखे कुएं में, जांच में सामने आई हैरान करने वाली कहानी

लेनदेन के विवाद को लेकर आरोपियों ने योजना बद्ध तरीके से शक्ति नगर दुर्ग निवासी 26 वर्षीय यशवंत सारथी की पत्थर से सिर कुचलकर एवं कटर से वार कर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया था। मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में शामिल सभी सात अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ने फोन कर मृतक को घटनास्थल पर बुलाया और हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया था। आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि 18 जून की रात को प्रार्थी दुर्गा सारथी को सूचना प्राप्त हुई कि पशु आहार किसान राइस मिल शक्ति नगर स्थित कुएं मे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने स्थानीय लोगों द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर शव की पहचान यशवंत सारथी के रूप में की। जांच में पाया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सिर पर कठोर वस्तु से मार कर उस पर कटर से सीना, पेट, पीठ आदि में वार किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटे के भीतर घटना में शामिल सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पत्थर,कटर आदि जब्त किए हैं।
पुलिस ने बताया कि पैसों को लेकर विवाद हुआ था। मृतक ने मुख्य आरोपी से 1500 रुपए उधार लिए थे जिसे बार-बार अनुरोध करने के बाद भी वह वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी ने यशवंत सारथी की हत्या करने का निश्चय कर लिया। आरोपी ने फोन करके घटनास्थल पर यशवंत को बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। लाश को कुएं में फेंक कर सभी फरार हो गए थे।
मृतक के पिता जो कि पेशे से ड्राइवर है ,उन्होंने बताया कि उन्हें रात को किसी रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि उनके बेटे की हत्या हो गई है। यशवंत ने आरोपियों से कुछ पैसे उधार लिए थे जिसे वह 1 साल पूर्व ही लौटा दिया था, परंतु आरोपी बार-बार रकम की मांग कर उसे परेशान करते रहते थे।
परिवार वालों ने बताया कि घटना के कुछ दिन पहले चार-पांच युवक नशे की हालत में उनके घर पहुंचे थे और यशवंत के बारे में पूछताछ कर रहे थे। जब उसकी मां ने बेटे के बारे में जानकारी देने से इनकार करते हुए विरोध किया तो एक आरोपी ने यशवंत की मां से कह दिया था कि यदि पैसे नहीं दिए तो वह उसके बेटे को मार डालेगा,इससे पूरा परिवार डर गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *