दुर्ग।यूट्यूब चैनल पर सट्टा मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड करने वाले आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो नग वीवो कंपनी के एंड्राइड मोबाइल फोन एवं सट्टा लेनदेन से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की गई है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि 4 सितंबर को यूट्यूब चैनल के माध्यम से सट्टा मटका के अंकों का प्रचार प्रसार कर सट्टा गतिविधि संचालित करने वाले आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस को सूचना मिली कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति अपने मोबाइल फोन के माध्यम से यूट्यूब पर सट्टा मटका के अंकों का भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर अपलोड एवं सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी रवि चेलक 29 वर्ष निवासी बड़े पारा जय स्तंभ चौक डुमरडीह थाना उतई के पास से मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी द्वारा यूट्यूब पर अंशु मटका नामक चैनल के माध्यम से सट्टा मटका के अंकों की भविष्यवाणी की वीडियो तैयार कर अपलोड एवं सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा था।