दुर्ग। साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत थाना उतई पुलिस टीम ने सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र उतई पहुंचकर लगभग 1000 ट्रेनी जवानों एवं अधिकारियों- कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट, बैंकिंग एवं यूपीआई फ्रॉड से बचाव के व्यवहारिक उपयोग की जानकारी भी प्रदान की गई। सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, साइबर ब्लैकमेलिंग तथा अनजान लिंक और अज्ञात मोबाइल एप्लीकेशन से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा संबंधित बैंक को सूचना देने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराधों से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत उतई पुलिस द्वारा सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र उतई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
