अलग-अलग मामलों का पुलिस ने किया खुलासा

दुर्ग। मोबाइल झपटमारी के दो अलग-अलग मामलों का जेवरा चौकी पुलिस ने खुलासा किया है। दोनों ही मामले में कुल पांच आरोपी एवं तीन विधि से संघर्ष बालक गिरफ्तार किए गए हैं। महमरा शिवनाथ नदी एनिकेट में मोबाइल झपटमारी का विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला किया था और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। इसी तरह आरोपियों ने रसमड़ा हाईवे रोड पर एक राहगीर से दो मोबाइल एवं एटीएम कार्ड झपट लिया था। आरोपियों सहित चोरी का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि चौकी अंजोरा क्षेत्र में मोबाइल झपटमारी एवं लूट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही थी। 6 जून को शिवनाथ नदी एनिकट पर प्रार्थी के साथी के हाथ से मोबाइल झपट लिया गया था। विरोध करने पर धारदार हथियार से आरोपियों ने हमला किया गया था, जिससे उसे गंभीर चोटे आई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने एक आरोपी एवं एक विधि से संघर्ष बालक को गिरफ्तार कर लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया । चोरी का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इसी तरह एक अन्य प्रकरण में 17 अप्रैल की रात रसमड़ा हाईवे रोड पर राहगीर को रास्ता पूछने के बहाने रोक कर उसकी शर्ट की जेब से दो मोबाइल फोन एवं एटीएम कार्ड झपट लिया गया था। घटना के बाद आरोपियों ने प्रार्थी को धक्का दिया और भाग निकले थे। तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबीर से सूचना के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी एवं दो विधि से संरक्षक बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, दो धारदार हथियार, एटीएम कार्ड एवं अन्य सामग्री जिसकी कीमत लगभग 1,40,000 रुपए है, को जब्त किया है।
अंजोरा चौकी पुलिस ने दोनों ही मामले में आरोपी यश कुमार साहू निवासी शक्ति नगर, प्रशिक्षित सिंह निवासी दीपक नगर दुर्ग, संदीप कौशल निवासी सिकोला भाठा, ध्रुव वैश्य निवासी मदर टैरेसा नगर सुपेला एवं तीन विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *