सुने आवास का ताला तोड़कर सामानों की चोरी

दुर्ग। सुने आवास का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपी ने चांदी के सिक्के सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी कृष्णानंद मिश्रा एचआईजी 1/53 एक्सटेंशन बोरसी निवासी है। वह पावर मेट प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी के थर्मल पावर प्लांट का सलाहकार है। 7 मई को वह और उसका लड़का गुजरात चले गए थे। 8 मई की दोपहर में उनकी बेटी मनीषा मिश्रा घर में ताला लगाकर पुणे चली गई थी। 8 जून की शाम को उनके पड़ोसी ने फोन करके बताया कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ और दरवाजा खुला हुआ है।वापस आकर प्रार्थी ने देखा कि अज्ञात आरोपी ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर का सामान बिखरा दिया था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। 50 ग्राम वजन का चांदी का सिक्का, दो बनारसी सिल्क साड़ी, एक नग सीसीटीवी का डीवीआर एवं नगदी रकम 3000 रुपए नहीं थे। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि इससे कुछ दिन पूर्व ही बोरसी कॉलोनी के एचआईजी 1/110 निवासी प्रार्थी के सुने घर का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपी ने चांदी के जेवरात, सामान एवं रकम की चोरी कर ली थी। पुलिस गश्त की कमी के चलते बोरसी क्षेत्र में चोरी के मामले लगातार बढ़ रहे है और चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *