दुर्ग। गैस एजेंसी के ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर सर्च करते ही बुजुर्ग प्रार्थी के मोबाइल से उसके अलग-अलग बैंक खाता से कुल 1,95,000 रुपए की अज्ञात आरोपी ने निकल लिए। प्रार्थी के साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत उसने नेवई थाना में की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी किशोर कुमार साहू 65 वर्ष निवासी मितान गली,अवधपुरी रिसाली ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि 23 मई को उसे गैस सिलेंडर डिलीवरी नहीं होने पर उसने जयदीप गैस एजेंसी सेक्टर 10 का ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। उसमें दिए गए मोबाइल नंबर द्वारा संपर्क करने पर मोबाइल धारक ने उसे व्हाट्सएप नंबर दिया और 10 रुपए पेमेंट करने के लिए बोला। प्रार्थी द्वारा 10 रुपए फोन पे किया। उसके आधे घंटे के बाद ही 23 मई को एसबीआई बैंक के खाता से कुल 97 हजार रुपये, 26 मई को यूको बैंक खाता से 98,000 कुल 1,95,000 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी करते हुए आरोपी ने रकम निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।