नवपदस्थ आयुक्त लीना कोसाम का अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ ने किया स्वागत

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की नवपदस्थ आयुक्त श्रीमती लीना कोसाम (IAS) से नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सौजन्य भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
संघ के जिला अध्यक्ष राजूलाल चंद्राकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आयुक्त को पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान निगम के बेहतर कार्य वातावरण, प्रशासनिक समन्वय और कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

संघ अध्यक्ष राजूलाल चंद्राकर ने कहा कि अनुभवी एवं संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी के रूप में लीना कोसाम का निगम का नेतृत्व संभालना सकारात्मक अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके मार्गदर्शन में निगम प्रशासन में पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और सकारात्मक कार्य संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठा

सौजन्य मुलाकात के दौरान कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। संघ पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को शीघ्र वेतन भुगतान किए जाने की मांग की। आयुक्त लीना कोसाम ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए वेतन शीघ्र जारी किए जाने का आश्वासन दिया।

राजूलाल चंद्राकर ने कहा कि आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं को जिस गंभीरता और सकारात्मकता से सुना, उससे कर्मचारियों में उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि संघ निगम हित और कर्मचारी हित के बीच सकारात्मक सेतु की भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर शुभम गोईर, शिव परिहार, सत्येंद्र यादव, राजदीप कसर, रतनदीप कसर, अनुपम ताम्रकार, नरेंद्र मनहर, निखिल कोरिया, विनीत वर्मा, लक्ष्य गोईर, हर्षवर्धन चंद्राकर, विनोद उपाध्याय, गंगाधर ठाकरे, बलदाऊ पटेल, गुमान निर्मलकर, विजेंद्र पटेल, सिद्धांत शर्मा, नीरज धर्मकार, देवेंद्र यादव, राजलक्ष्मी शर्मा, खेमलता ठाकुर सहित संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आयुक्त के स्वागत के साथ हुई यह मुलाकात औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि कर्मचारी हितों और निगम प्रशासन के बीच बेहतर संवाद की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में सामने आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *