दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ की पहल के बाद निगम प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वेतन जारी कर दिया।
नवपदस्थ आयुक्त सुश्री लीना कोसाम (आईएएस) द्वारा मामले का तत्काल संज्ञान लिए जाने पर संघ ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान से जुड़ी समस्या को निगम प्रशासन के समक्ष रखा था। बताया गया कि आयुक्त सुश्री लीना कोसाम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया गया। वेतन मिलने से निगम कर्मचारियों में राहत और खुशी का माहौल है।
नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष राजूलाल चंद्राकार ने आयुक्त की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की समस्या को जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया और उस पर त्वरित कार्रवाई की गई, वह सराहनीय है। उन्होंने संघ की ओर से आयुक्त के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
संघ का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई से उनका मनोबल बढ़ता है और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। हाल ही में आयुक्त के साथ हुई सौजन्य भेंट के दौरान कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई थी।
राजूलाल चंद्राकार ने कहा कि संघ आगे भी कर्मचारियों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े विषयों को रचनात्मक एवं सकारात्मक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखता रहेगा। संघ ने एक बार फिर नगर पालिक निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसाम का कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्या पर त्वरित संज्ञान लेकर समाधान करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है।
