दुर्ग। यातायात पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने सुपेला क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे नाबालिग आरोपी को पकड़ा है। पावर हाउस से सुपेला मार्ग पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि अनाल होंडा शोरूम सुपेला के पास दो बाइक सवार युवक एक व्यक्ति से लूट कर फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही यातायात शाखा में पदस्थ आरक्षक कुलेश्वर साहू और नगर सैनिक राकेश कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों का पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने तेजी से घेराबंदी करते हुए सेक्टर 2 स्थित अय्यप्पा मंदिर के पास एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार आरोपी की तलाश में टीम लगी हुई है।