दुर्ग। भारती कॉलेज के पास दो हाईवा की भिड़ंत में फंसे वाहन चालकों को पुलगांव पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलगांव पुलिस पहुंचकर जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त हाईवा वाहनों को हटाकर दोनों चालकों का रेस्क्यू किया। पुलिस ने बताया कि 13 मई की रात लगभग 12 बजे पुलगांव पुलिस को सूचना मिली कि भारती कॉलेज के पास दो हाईवा आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए हैं। दोनों वाहनों के चालक केबिन में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलगांव पुलिस पहुंची। घटनास्थल पर ट्रक सीजी 07 बीजी 6486 एवं ट्रक क्रमांक सी जी 06 एच एफ 6625 आपस में टकराकर क्षतिग्रस्त पाए गए। दोनों वाहन के चालक अंदर गंभीर रूप से फंसे हुए थे। पुलिस ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलाकर वाहनों को हटाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को सुरक्षित बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया घायल चालकों की स्थिति गंभीर होने के कारण पुलिस द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सका। पुलिस ने घायल विजय कुमार यादव निवासी गोटा टोला, बांधा बाजार मोहला मानपुर तथा वीरेंद्र निवासी झारखंड को अस्पताल पहुंचाया। इस रेस्क्यू एवं बचाव कार्य में पुल गांव थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू,प्रधान आरक्षक मानसिंह गायकवाड, आरक्षक हेमंत कुर्रे, मनोज यादव एवं आरक्षक शुभ चरण यादव की उल्लेखनीय भूमिका रही।