पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दो लोगों ने लगाई फांसी

दुर्ग। गुरुवार की शाम को पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में दो लोगों ने फांसी लगाकर जान दे दी है। दोनों ही मामले में पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है और कारणों का पता कर रही है।पुलिस ने बताया कि जैन मंदिर के पास रहने वाला 28 वर्षीय दीपक निर्मलकर ने अपने घर में ही एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी है। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तब परिवार वालों ने खिड़की से देखा तो वह फंदे पर लटका दिखा। परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिवार में बूढी मां, भाई, पत्नी व 4 महीने का बेटा है। इसी तरह 43 वर्षीय योगेश्वर वर्मा आम के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाकर झूल गया। गुरुवार की शाम को उसने अपने घर में नहाने के लिए तालाब जाने की बात कही और वह घर से निकल गया था। जब काफी देर तक घर वापस नहीं आया तब परिवार वालों ने खोजबीन की। तब उन्हें जानकारी मिली कि आम के पेड़ पर लटक कर योगेश्वर ने फांसी लगा ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *