दुर्ग। शहर के चर्चित बिल्डर व भाजपा के वरिष्ठ नेता चतुर्भुज राठी के महेश कॉलोनी स्थित अमर बिल्डर कार्यालय एवं निवास पर प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने गुरुवार की सुबह कार्रवाई करते हुए छापा मारा। करवाई सुबह लगभग 6 बजे से प्रारंभ हो गई थी जो खबर लिखे जाने तक लगातार जारी है। जानकारी के मुताबिक ईडी के लगभग आधा दर्जन से अधिक अधिकारी चार वाहनों में टीम बनाकर पहुंचे थे और एक साथ ऑफिस तथा घर दोनों स्थानों पर जांच प्रारंभ की थी। यहां पर अमर इंफ्रा ग्रुप के तहत 6 से अधिक फर्म संचालित है टीम ने मौके पर पहुंचते ही दस्तावेजों, कंप्यूटर डाटा को खंगाला और लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी थी। जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं, संदिग्ध निवेश और लेनदेन से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है। वहीं सरकार की भारत माला सड़क परियोजना में भी कोई घोटाला होने या काला धन लगाने की बात को लेकर भी यह कारवाई देखी जा रही है। आधिकारिक रूप से ईडी की ओर से कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। छापामारी के दौरान कार्यालय और घर के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी ताकि जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए। टीम के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे है और संबंधित दस्तावेजों का गहन परीक्षण किए हैं। इस कार्रवाई से शहर के रियल एस्टेट क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे कि आने वाले समय में इस मामले में और कोई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल ईडी की करवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा होगा।