दुर्ग। मोबाइल पर किसी से जोर से बात करना युवक को भारी पड़ गया ।आरोपी ने विवाद करते हुए प्रार्थी के भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। इससे युवक को चोटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी विजय कुमार स्वर्णकार रामनगर उरला में रहता है और वह एसटीएफ दुर्ग में उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ है। 28 अप्रैल की शाम को उसका भाई प्रकाश सोनी उरला शराब भट्टी चखना दुकान के पास में कुछ खा रहा था। उस समय वह अपने मोबाइल से जमीन संबंधी किसी से बात कर रहा था। इस पर पास में ही खड़े आरोपी ने कहा कि जोर से बात क्यों कर रहे हो कह कर गाली गलौज करने लगा। जब प्रकाश सोनी ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने हाथ मुक्के से एवं पास में ही पड़े डंडे से प्रकाश के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इससे प्रकाश को हाथ, पैर, सिर मे चोटे आई। उसे इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल लाया गया इसके बाद हायर ट्रीटमेंट के लिए सेक्टर 9 अस्पताल में ले जाकर भर्ती किया गया है जहां उसका उपचार जारी है। प्रकाश ने घटना से संबंधित वीडियो अपने मोबाइल में बनाया था जिसमें मोटरसाइकिल में सवार आरोपी नजर आ रहा है और उसने शर्ट पहना है जिस पर जोमैटो लिखा हुआ है।