दुर्ग। बिल्डिंग मटेरियल चोरी करने वाले आरोपियों को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निर्माणाधीन मकान से 10 बोरी सीमेंट, तीन बंडल लोहे की राड, एक बोरी केबल वायर चुराने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है ।पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दीनानाथ प्रजापति निवासी नेवई बस्ती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह उमरपोटी में घर बना रहा है। वहां अज्ञात आरोपी द्वारा निर्माणाधीन घर में रखे बिल्डिंग मटेरियल में से 10 बोरी सीमेंट, 3 बंडल लोहे की राड एवं एक बोरी केबल वायर चोरी हो गई है। रिपोर्ट के बाद उतई पुलिस ने मामले को जांच में लिया था। पुलिस को जानकारी मिली कि दो व्यक्ति लोहे की सामग्री बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों ओम प्रकाश तारम निवासी नेवई भाटा तथा रोहित यादव निवासी नेवई भाटा ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। सभी सामान को पुलिस ने आरोपियों से जब्त किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है