दुर्ग। आईपीएल सट्टा का संचालन करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। दोनों आरोपी आईपीएल क्रिकेट मैच पर हार जीत का दांव लगवाते थे। आरोपियों के पास से नगदी रुपए एवं चार मोबाइल कुल 64,600 रुपए जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ढौर में आईपीएल क्रिकेट मैच राजस्थान बनाम पंजाब के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर उतई पुलिस एवं एसीसीयु द्वारा कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। मौके पर दो आरोपी अविनाश मिश्रा एवं लोकेश सोनबोई मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पाए गए जो लोगों से संपर्क कर मैच में हार जीत पर पैसों का दांव लगवा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन के माध्यम से समूह बनाकर फोन में पैसे की डीलिंग कर सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। जिन लोगों के द्वारा सट्टा खेला जा रहा था उनकी भी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 6,7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।