दुर्ग। गाड़ी ठीक से क्यों नहीं चला रहे हो कहने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। इससे प्रार्थी को चोटे आई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस में आरोपियों के खिलाफ धारा 184, 115(2) 125( ए), 281, 296, 3(5),324(4), 351 (3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी यशवंत पटेल की पटेल कंप्यूटर के नाम से दुकान है। 28 अप्रैल की दोपहर को वह अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा एचएफ डीलक्स सी जी 07 बी एच 4731 से अपने मामा चेतन पटेल के साथ गंजपारा से नयापारा जाने के लिए निकला हुआ था। नदी रोड मोड़ के पास पहुंचा तभी ई रिक्शा का चालक हेमचंद नागरे अपनी वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल हीरो होंडा को टक्कर मार दी। इससे प्रार्थी की मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। जब प्रार्थी ने बोला कि गाड़ी ठीक से क्यों नहीं चलाते हो। यह सुनकर रिक्शा का चालक हेमचंद नागरे अपने तीन अन्य साथी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।