मकान मे आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पकड़ाया

दुर्ग। मकान मे आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को कुछ ही घंटे के भीतर कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज एवं साक्ष्य के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया गीताबाई खांडेकर निवासी शिव मंदिर के पास राजीव नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी द्वारा पुरानी रंजिश के कारण उसके मकान में आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है जिससे उसके घर का पलंग, कूलर एवं अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गए हैं। इस घटना में उसे 20000 रुपए की संपत्ति की हानि हुई है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने धारा 326(ग) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीम जांच के लिए लगाई गई थी। घटना स्थल निरीक्षण,गवाहों के कथन एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य के आधार पर आरोपी आकाश यादव उर्फ बुद्धू 21 वर्ष निवासी राजीव नगर वार्ड नंबर 4 दुर्ग को चिन्हांकित कर घेराबंदी करते हुए उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली के निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत, सहायक उप निरीक्षक मोहनलाल साहू, प्रधान आरक्षक मनोज निर्मलकर, राकेश निर्मलकर, आरक्षक केशव कुमार एवं गजेंद्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *