दुर्ग। सोशल मीडिया में फर्जी आईडी बनाकर महिला की फोटो से छेड़छाड़ करते हुए उसे वायरल करने वाले आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आरोपी महिला के साथ अभद्र चैटिंग करता था। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के विरुद्ध हो रहे साइबर अपराधों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।15 मार्च को प्रार्थिया ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से आरोपी द्वारा फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज कर बातचीत की गई तथा बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील फोटो भेज कर उसे वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपी ने फोटो के साथ आपत्तिजनक फोटो एवं अभद्र शब्दों का उपयोग कर इंस्टाग्राम स्टोरी एवं मैसेज के माध्यम से प्रसारित किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 67 एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी की पहचान कर आरोपी राधेलाल महरा उर्फ राजा को ग्राम कोहगाटोला थाना कोतवाली बालोद, जिला बालोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और चैटिंग स्क्रीनशॉट जब्त किए गए हैं।