दुर्ग। आकाशगंगा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई थी जिस पर यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर नियंत्रण किया। ट्रांसफार्मर में लगी आग पर समय रहते काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोलिंग के दौरान तुरंत संज्ञान लेकर मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई थी।
2 अप्रैल की रात लगभग 10:00 बजे भिलाई सुपेला क्षेत्र अंतर्गत आकाशगंगा आदर्श पेट्रोल पंप के पास स्थित ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई थी। आग लगने की सूचना पाते ही हाईवे 2 पर ड्यूटी के दौरान तैनात यातायात पुलिस की टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गई और स्थिति का आंकलन किया। यातायात पुलिस के जवानों द्वारा स्थित पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र लाकर त्वरित आग पर नियंत्रण किया गया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोक दिया गया जिससे बड़ी घटना होने से टल गई। इस कार्यवाही में यातायात पुलिस के जवान राकेश सिंह एवं टाकेश देशमुख की सराहनीय भूमिका रही।