दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 2026-28 को लेकर चुनाव समिति ने विशेष तैयारी पूरी कर ली है। चुनावी मैदान में उतरे 64 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतदान पेटी के भीतर बंद हो जाएगा। सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जोर लगा रहे हैं। कई पदों पर कांटे की टक्कर देखी जा रही है। शनिवार को सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक अधिवक्ता कक्ष क्रमांक 4 के पीछे खाली मैदान में मतदान होगा।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर चुनाव समिति ने तैयारी पूरी कर ली है
सभी मतदाता को मतदान के लिए अपने अधिवक्ता परिचय पत्र को साथ में रखना अनिवार्य किया गया है।अधिवक्ता परिचय पत्र की अनुपलब्धता होने पर मतदान से वंचित किया जा सकता है। सभी मतदाताओं से वन बार वन वोट के लिए घोषणा पत्र भरवाया जाएगा जिसका कथन होगा कि वह जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के अलावा किसी अन्य अधिवक्ता संघ में पंजीकृत नहीं है और वह सिर्फ जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग में मतदान करता है, वहीं जो बार काउंसलिंग ऑफ इंडिया से आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण कर जो सदस्य अपना पंजीयन करवा चुका है उसका भी प्रमाण पत्र साथ में रखना आवश्यक होगा।
64 प्रत्याशी आजमायेंगे अपना भाग्य
इस बार चुनाव में 17 पदों पर 64 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने उतरे हैं। अध्यक्ष पद पर 8 प्रत्याशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 7, कनिष्ठ उपाध्यक्ष महिला आरक्षित में 5, महिला प्रत्याशी सचिव पद पर 3, प्रत्याशी सह सचिव पद पर 4 प्रत्याशी, सचिव महिला आरक्षित पद के लिए 3 महिला प्रत्याशी, कोषाध्यक्ष के लिए 4 प्रत्याशी, ग्रंथालय सचिव के पद पर 3 प्रत्याशी, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के सामान्य पद पर 2 प्रत्याशी, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव महिला आरक्षित पद पर 3 महिला प्रत्याशी, कार्यकारिणी सदस्य सामान्य में कुल 18 प्रत्याशी, कार्यकारिणी महिला हेतु आरक्षित पद के लिए 4 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।
अलग-अलग रंग के है मतदान पत्र
इस बार मतदान में सभी मतदाताओं को अलग-अलग रंग नीला और गुलाबी मत पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिसमें नीले रंग के मत पत्र में सभी बड़े पदों के पदाधिकारी के प्रत्याशियों के नाम रहेंगे और दूसरे मत पत्र गुलाबी रंग वाले में कार्यकारिणी सदस्य सामान्य एवं महिला कार्यकारी सदस्य के प्रत्याशियों के नाम रहेंगे।