दुर्ग। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के दो वर्षीय कार्यकाल वाले प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए अब मात्र दो दिनों का समय ही शेष रह गया है। इसको लेकर प्रत्याशियों ने प्रचार-प्रसार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस चुनाव में कुल 17 पदों के लिए 64 प्रत्याशी मैदान पर है। जिनके भाग्य का फैसला कुल 1702 अधिवक्ता मतदाता करेंगे। 4 अप्रैल को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच जिला न्यायालय परिसर स्थित बार क्रमांक-4 के पास मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से पदाधिकारी पदों के प्रत्याशियों की मतगणना और 6 अप्रैल को सुबह 9बजे से कार्यकारिणी सदस्य पद के प्रत्याशियों की मतगणना की जाएगी। मतगणना उपरांत अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह चुनाव अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला आरक्षित 1 पद), सचिव, सह-सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित , कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के 2 पदों में 1 पद महिला आरक्षित के अलावा 7 कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए हो रहा है। कार्यकारिणी के 7 पदों में 2 पद महिला आरक्षित किया गया है। चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, और कोषाध्यक्ष पद के लिए कड़ा मुकाबला होने के आसार है। वहीं चुनाव में कुछ मुद्दे व दावे भी काफी हावी है। चुनाव के लिए मात्र दो दिन का समय ही शेष रहने से जिला अधिवक्ता संघ चुनाव टीम द्वारा मतदान की सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई है।
बनेंगे 6 बूथ, 1702
अधिवक्ता करेंगे मतदान
इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव पांडेय ने बताया कि मतदान के लिए 6 बूथ बनाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ में 1 पेटी पदाधिकारी पद और 1 पेटी कार्यकारिणी सदस्य पद के मतदान के लिए रखी जाएगी। पदाधिकारी पद के मतदान के लिए नीले रंग की मतपत्र और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए सफेद रंग की मतपत्र मतदाताओं को उपलब्ध करवाई जाएगी। मतदान के लिए मतदाताओं को जिला अधिवक्ता संघ का पहचान पत्र या अन्य पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। श्री पांडेय ने बताया कि चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरतने निर्वाचन टीम काफी गंभीर है। मतदान पूर्व सभी मतदाताओं से एक घोषणापत्र भी भरवाया जाएगा। घोषणापत्र के माध्यम से वन बार वन इलेक्शन के नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। मतदान की तैयारियों में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव पांडेय के साथ उप मुख्य चुनाव अधिकारी इसराईल शरीफ, मुरली मनोहर देवांगन, राजेश महाडिक, श्याम मिश्रा, हरेन्द्र प्रसाद शाह, असीम कुमार सिंह व टीम के अन्य सदस्य जुटे हुए है।
प्रत्याशी आजमा रहे है अपना भाग्य
जिला अधिवक्ता संघ के इस चुनाव में संघ के चार पूर्व अध्यक्ष नीता जैन, गिरीशचंद शर्मा, रमेश शर्मा, गुलाब सिंह पटेल एक बार फिर चुनाव मैदान में है। लगातार चार बार सचिव रहे रविशंकर सिंह एवं कोषाध्यक्ष पद पर अनिल जायसवाल चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं सह सचिव पद पर कृष्णराज चंदेल (छोटू) ने दावेदारी की। इसके अलावा विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों द्वारा चुनावी मैदान में अपनी ताल ठोकी गई है।