दुर्ग। घर से लगे हुए गोडाउन में खड़ी वाहन स्कॉर्पियो एवं घर के अन्य सामानों को अज्ञात आरोपी ने आग लगा दी जिससे पूरा सामान जलकर खाक हो गया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 325 (जी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी लेख चंद ढीमर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सरस्वती नगर वार्ड नंबर 34 में रहता है उसके घर से लगा हुआ गोडाउन है जिसमें उसने अपनी वाहन स्कॉर्पियो सीजी 07 ए टी 3570, लोहे की अलमारी, विंडो कूलर, प्रतिदिन पहनने के कपड़े, सफाई कर्मचारियों का सामान, डस्टबिन, रापा झाड़ू एवं अन्य सामान को रखा हुआ था। 21 मार्च की शाम को वह गोदाम को बंद करके अपने घर चला गया था। आधी रात को मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि गोडाउन में आग लगी हुई है। तब उसने गोडाउन जाकर देखा तो सामान जल रहा था और काफी आग फैली हुई थी। आगजनी में पूरा सामान एवं वाहन जलकर खाक हो गया। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसके गोडाउन में आग लगा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।