अफीम खेती प्रकरण के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, समोदा में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र के ग्राम समोदा में अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों के अवैध अतिक्रमण पर मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर के माध्यम से राजस्व भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया।
जानकारी के अनुसार जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अफीम खेती प्रकरण से जुड़े विनायक ताम्रकार के कुछ रिश्तेदारों द्वारा राजस्व भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था। भूमि अभिलेखों की जांच के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए अवैध संरचना को हटाया।

कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन द्वारा बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाते हुए पूरी प्रक्रिया को पूरा किया गया।
प्रशासन का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है और आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *