दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा- झनझरी के मध्य खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है।
विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट दुर्ग पी एस मरकाम की कोर्ट में आरोपी विनायक ताम्रकार निवासी तमेर पारा , विकास बिश्नोई निवासी ग्राम समोदा दुर्ग एवं मनीष ठाकुर को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था। पुलिस ने न्यायालय से 5 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लेने का निवेदन किया था। सुनवाई के बाद न्यायालय ने दो दिन के लिए पुलिस रिमांड बढ़ा दी है।अब सभी आरोपियों को 13 मार्च को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि आरोपियों को 7 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पूछताछ के लिए पुलिस ने तीनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था।