धारदार हथियार से युवक की हत्या करने वाले आरोपी गिरफ्तार

.
.दुर्ग। धारदार हथियार से युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस हत्या के मामले में एक प्रमुख आरोपी एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। सारथी मोहल्ला चंडी मंदिर रोड पर पुरानी रंजिश एवं आपसी विवाद को लेकर आरोपियों ने देव चौधरी उर्फ धन्ना पर धार हथियार से हमला कर दिया था। इससे युवक के सीने, पेट, दोनों पैरों आदि में चोटे आई थी। उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के पास से धारदार हथियार जब्त किए गए हैं।
28 अगस्त की देर रात को जीत साहू निवासी शिवनगर बांधा तालाब वार्ड 35 अपने साथी रतन निर्मलकर उर्फ दादू एवं देव चौधरी उर्फ धन्ना के साथ मोटरसाइकिल से सलीम बिरियानी जाने के लिए निकले हुए थे। रात लगभग 10:30 बजे सारथी मोहल्ला पोषण दुकान के आगे चंडी मंदिर रोड पर कोमल ढीमर एवं उसके साथी द्वारा उन्हें रोका गया। इसके बाद आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए विवाद किया। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार हथियार निकाल कर देव चौधरी उर्फ धन्ना पर हमला कर दिया। इससे देव चौधरी को गंभीर चोटे आई थी। उसे तुरंत ई रिक्शा के माध्यम से जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
प्रार्थी द्वारा शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कोमल ढीमर 19 वर्ष निवासी मठ पारा सारथी मोहल्ला वार्ड नंबर 3 एवं एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर तथा विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों की मृतक के साथ पुरानी रंजिश थी। इससे पूर्व भी इन लोगों के बीच विवाद हो चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *