दुर्ग। ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल चल रहे युवक की ट्रक के नीचे आने से कुचल कर मौत हो गई वहीं प्रार्थी को मामूली चोटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर अंजोरा चौकी पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी युगल किशोर देशमुख ए एस ग्लोबल फैब्रिकेशन कंपनी रसमड़ा में गैस कटर का काम करता है। ग्राम सलोनी का एमंत साहू भी उसी के साथ कंपनी में हेल्पर का काम करता है। वे दोनों मोटरसाइकिल सीजी 07 जेड आर 3592 से रसमड़ा कंपनी आना-जाना करते हैं। 27 फरवरी की सुबह प्रतिदिन की भांति वह अपने मित्र एमंत साहू के साथ मोटरसाइकिल से रसमड़ा कंपनी जाने के लिए निकले थे। मोटरसाइकिल को एमंत साहू चला रहा था और प्रार्थी पीछे बैठा हुआ था
रायपुर स्टील प्लांट रसमड़ा के सामने चौक पर पहुंचे थे उसी समय पीछे से आ रही ट्रक सीजी 07 बीएफ 3747 के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दिया
इससे प्रार्थी छिटककर दूसरी ओर जा गिरा वहीं उसका मित्र एमंत साहू ट्रक के नीचे जाकर फंस गया, और बचाओ बचाओ चिल्लाने लगा। ट्रक चालक को उसके फंसे होने की जानकारी दी गई, इसके बाद भी ट्रक चालक ट्रक को घसीटते हुए आगे ले गया। जिससे उसके मित्र एमंत साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से ट्रक को रोककर पीछे करवाया गया और एमंत साहू को ट्रक के अंदर पहिए के पास से निकलकर रायपुर स्टील प्लांट के एंबुलेंस से शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।