दुर्ग। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपियों के रिमांड की तारीख न्यायालय ने बढ़ा दी है। गुरुवार को अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी अनीश दुबे की कोर्ट ने आरोपियों के रिमांड की तारीख 12 मार्च तय कर दी है। महिला थाना पुलिस ने अभी न्यायालय में चालान पेश नहीं किया है। इस दौरान महिला थाना पुलिस न्यायालय में मौजूद थी।
उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी 2026 को महिला थाना दुर्ग में नाबालिग पीड़िता के साथ 7 साल तक दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था।पीड़िता की शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 की अवधि के दौरान 6 आरोपियों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म एवं सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। नाबालिग दुष्कर्म करने वाले 6 आरोपियों अनिल चौधरी, राजू कश्यप, बीएन पांडेय, गोविंद सिंह, संजय पंडित, विजय स्वाइन एवं दस्तावेज उपलब्ध करवा कर अपने नाम से कमरा बुक करने वाले आरोपी अमित वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। रिमांड की तारीख 26 फरवरी होने के कारण आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय ने रिमांड की तारीख बढ़ा दी है।