दुर्ग। थाना नेवई क्षेत्र में धार्मिक दबाव, धमकी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला 16 फरवरी 2026 को दर्ज शिकायत के आधार पर पंजीबद्ध किया गया।
प्रार्थिया सरोज वर्मा (52 वर्ष), निवासी आशीष नगर पश्चिम, रिसाली भिलाई ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका पुत्र होशांग वर्मा उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज, घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंका गया और पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाई गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 085/2026 के तहत धारा 298, 299 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3, 4 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 17 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।