“जिंदा को मृत बताकर 1.19 करोड़ की ठगी!”

दुर्ग। थाना पाटन क्षेत्र में राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़ी 1 करोड़ 19 लाख रुपये की बड़ी बीमा धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। एचडीएफसी लाइफ कंपनी लिमिटेड, बोकारो (झारखंड) के प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि आरोपीगणों ने जीवित व्यक्तियों को मृत दर्शाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, नकली आधार व अन्य केवाईसी दस्तावेजों के आधार पर मृत्यु दावा प्रस्तुत किया और करोड़ों रुपये की निकासी कर ली। एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम पर भी मृत्यु दावा लगाया गया, जबकि वह जीवित पाया गया।

मामले में राजेश कनोजिया (44 वर्ष), निवासी पंचशील सेक्टर-01, बोरसी, दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है। वह दुर्ग में ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता था और एनपीएस निकासी के नाम पर लोगों से आधार, पैन और बैंक डिटेल लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। जांच में अमान्य क्यूआर कोड, समान पते और संदिग्ध बैंक खातों से लेन-देन जैसी कई अनियमितताएं सामने आई हैं।

प्रकरण में एचडीएफसी लाइफ के पूर्व कर्मचारी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिसने कथित रूप से जाली दस्तावेज अपलोड कर सत्यापन प्रक्रिया को दरकिनार किया।

पुलिस ने आरोपी से ₹10,000 नगद एवं डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। एक आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *