दुर्ग। पटेल चौक बीएसएनल ऑफिस के सामने बिना अनुमति मार्ग अवरुद्ध कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले प्रकरण में अन्य आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस ने की है। इस मामले में पूर्व में ही पांच आरोपियों अनिल वासनिक, विक्की चंद्राकर, दिनेश पांडे, राकेश यादव, जितेंद्र बत्रा को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले के अन्य आरोपी शुभम सिंह राजपूत, यशवंत सिंह राजपूत, ओम प्रकाश कोटवानी गीतेश ठाकुर एवं अन्य आरोपी फरार है। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल से हाथापाई कर आवागमन बाधित किया था। पुलिस ने बताया कि एक दिसंबर को जमीन रजिस्ट्री की बड़ी हुई दरों के विरोध में बिना किसी पूर्व अनुमति एवं सूचना के मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया जा रहा था। मौके पर तैनात पुलिस बल द्वारा समझाइश दी जा रही थी किंतु प्रदर्शन कारियों द्वारा उग्र व्यवहार करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई एवं आवागमन अवरुद्ध किया गया। इस घटना में प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्राकर, आरक्षक केशव कुमार, तुषार सलामे, अजय साहू एवं हिमांशु जंघेल को चोटे आई थी। विवेचना के दौरान पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। प्रकरण के एक अन्य फरार आरोपी मनोज राजपूत 50 वर्ष निवासी वार्ड 16 सिकोला भाटा को गिरफ्तार कर उच्च न्यायालय से जमानत प्राप्त होने उपरांत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने पर जमानत मुचलके पर रिहा किया गया है।