दुर्ग। बीमा व मुआवजा की राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से फर्जी लूट की कहानी गढ़ने वाले आवेदक को कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कथित लूटी गई ज्वेलरी आवेदन कर्ता की दुकान से बरामद की गई है। झूठी सूचना देने पर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि 5 फरवरी को थाना कुम्हारी में आवेदक नितेश देवांगन निवासी ग्राम कुगड़ा ने सूचना दी थी कि ज्वेलरी खरीद कर लौटते समय कुगड़ा रोड सार्थक होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार अड़ाकर उससे सोने की ज्वेलरी एवं नगदी रकम लूट ली गई है। सूचना मिलते ही तत्काल थाना कुम्हारी पुलिस एवं एसीसीयु टीम मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे का अवलोकन किया गया था। किंतु प्रार्थी द्वारा बताए गए किसी भी संदेही का फुटेज प्राप्त नहीं हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट संदिग्ध मानते हुए उससे कड़ाई से पूछताछ की गई।तब आवेदक ने स्वीकार किया कि व्यापार में हुए नुकसान के कारण मुआवजा बीमा राशि प्राप्त करने की नीयत से उसने लूट की झूठी सूचना दी थी तथा कथित लूटी हुई ज्वेलरी उसकी स्वयं की दुकान में रखी हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
