दुर्ग। सवारी उतार रहे ई-रिक्शा को कार चालक ने टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया वहीं कार में सवार आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की। प्रार्थी की शिकायत पर छावनी पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 452, 281, 296, 3(5),351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी चाहत सिंह प्रकाश आटा चक्की के सामने कैंप दो निवासी है वह ई रिक्शा चलाता है। 14 दिसंबर को अपनी ई-रिक्शा सीजी 07 सीडी 8691 में सवारी लेकर सुपेला से पावर हाउस आ रहा था। शाम लगभग 5:00 बजे महाराजा चाय ठेला अंबे अस्पताल भिलाई के पास सवारी उतारने के लिए उसने अपनी ही ई रिक्शा को रोड के किनारे खड़ी कर दिया था और सवारी उतार रहा था। उसी समय सामने से आई कार सीजी 07 बी जेड का चालक अपनी कार को रिवर्स करते हुए बिना पीछे देखे लापरवाही पूर्वक चलाते हुए ई रिक्शा को टक्कर मार दिया, इससे ई-रिक्शा का सामने का भाग क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कार चालक एवं उसके साथी कार से उतरकर प्रार्थी के पास आए और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने हाथ मुक्के से प्रार्थी के साथ मारपीट की। इससे प्रार्थी को भी चोटे आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।