अधजली लाश का 24 घंटे में खुलासा,प्रेम संबंध के विवाद में हत्या,आरोपित गिरफ्तार

ग्राम पुरई के खेल मैदान के पास नहर किनारे मिली अधजली महिला लाश के मामले का उतई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। घटना 08 दिसंबर की सुबह सामने आई, जब कोटवार केवलदास मानिकपुरी ने नहर किनारे एक अज्ञात महिला का अधजला शव दिखने की सूचना थाना उतई में दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एफएसएल, डॉग स्क्वाड, एसीसीयू और थाना स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान नहीं होने से मामला ब्लाइंड मर्डर माना गया और जिले तथा आसपास के क्षेत्रों की सभी गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान सुपेला निवासी उर्मिला निषाद (30) की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज होना सामने आया। पुलिस ने जांच के आधार पर उसके परिचित विजय बांधे (24) को पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उसकी बातों और गतिविधियों में विरोधाभास मिलने पर गहराई से पूछताछ की गई। पूछताछ में विजय ने स्वीकार किया कि वह उर्मिला के साथ केटरिंग काम करता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, जबकि विजय विवाहित है और उसकी पत्नी गर्भवती है। उर्मिला द्वारा शादी के दबाव, पैसों के विवाद और बार-बार होने वाले झगड़ों से परेशान होकर उसने पूरी योजना बनाते हुए उसकी हत्या की।

विजय ने बताया कि 7 दिसंबर की शाम वह सुपेला हार्डवेयर लाइन से चापर खरीदकर और पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल लेकर उर्मिला को “शादी पार्टी का काम” बताकर बाइक से उतई क्षेत्र लाया। रास्ते में मोमोज-पकौड़ा लेकर वह सुनसान नहर किनारे मैदान पहुंचा। वहीं दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने चापर से उर्मिला के गले पर वार किया, फिर दोबारा वार कर उसे गिरा दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर शव को आग लगा दी और आसपास का पैरा लाकर लपटों को तेज किया। वारदात के बाद वह अपनी बाइक से करगाड़ीह अपने घर चला गया। अगले दिन दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट और आरोपी के कब्जे से मिले खून लगे कपड़ों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे विवेचना जारी है और किसी अन्य की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी विजय बांधे निवासी करगाड़ीह, थाना उतई तथा वर्तमान में न्यू कृष्णा नगर, सुपेला में रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *